पांच घंटे बिजली कटौती से तिलमिला उठे लोग
हल्द्वानी। एक तरफ बढ़ती गर्मी और दूसरी तरफ मनमानी बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया है। हल्द्वानी के कमलुवागांजा उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में घोषित कटौती के नाम पर पांच-पांच घंटे लोग बिजली के लिए तरसते रहे। इससे घरेलू के साथ ही व्यावसायिक कार्य भी प्रभावित हुए। कमलुवागांजा उपकेंद्र में शनिवार को बिजली लाइन से संबंधित कुछ कार्य कराए गए। काम की वजह से सुबह 10 बजे बिजली सप्लाई रोक दी गई। इससे पीलीकोठी, गैस गोदाम, ब्लॉक, आरटीओ रोड, कुसुमखेड़ा, लालडांठ समेत भगवानपुर आदि क्षेत्र में पांच घंटे बत्ती गुल रही। लोग ऊर्जा निगम के अफसरों को फोन कर कटौती का कारण जानने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। हालांकि, शाम करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बिजली कटौती से रोजमर्रा के साथ ही व्यावसायिक कार्य भी प्रभावित रहे। कालिका कॉलोनी निवासी मेघा चिलवाल ने बताया कि सुबह से बिजली न होने के कारण घर में पानी नहीं मिल पाया। ट्यूबवेल पर जाकर पानी लाना पड़ा। मुखानी स्थित प्रिंटिंग प्रेस के मालिक राजेंद्र कालाकोटी ने बताया कि बिजली के कारण उनका काम प्रभावित हुआ। उनके आर्डर समय पर पूरे नहीं हो पाए।
लाइन में कुछ काम चलने के कारण बिजली कटौती की गई थी। कार्य पूरा होते ही आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी। साथ ही विभाग की ओर से पूर्व में क्षेत्रवासियों को बिजली कटौती की सूचना दी गई थी। -डीडी पांगती, अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम।
