परिवहन विभाग ने ट्रैक्टर ट्राली सीज की, आठ वाहनों का चालान काटा
विकासनगर। परिवहन विभाग की हरबर्टपुर-देहरादून हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। परिवहन विभाग की टीम ने एक ट्रैक्टर ट्राली को सीज किया। जबकि मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइविंग कर रहे दो बाइकों सहित आठ वाहनों का चालान किया है।
परिवहन विभाग की टीम ने मंगलवार को हरबर्टपुर-देहरादून हाईवे पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने फिटनेस प्रमाण पत्र न होने और टैक्स जमा न करने पर एक ट्रैक्टर ट्राली को सीज किया। दो बाइकों में सवार युवक बाइक चलाने के दौरान बिना हेलमेट के पाये जाने के साथ ही चलती बाइक पर मोबाइल फोन पर बात करते हुए पकड़े गये। युवकों का पुलिस ने चालान काटा है। छह अन्य वाहनों का चालान किया गया, जिनमें लोडर और सवारी वाहन शामिल हैं। उक्त वाहन चालकों का डीएल न होने, ओवरलोडिंग किये जाने पर चालान किया गया है। एआरटीओ आरएस कटारिया ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
