एसपी ग्रामीण और एसडीएम ने ली  ई-रिक्शा और ऑटो तथा टेंपो यूनियन पदाधिकारियों की बैठक


ऋषिकेश। नगर क्षेत्र में ट्रैफिक प्लान का उल्लंघन करने पर अब पुलिस सीधे तिपहिया वाहन का चालान करेगी। इसके बाद भी नहीं मानने पर वाहन को सीज किया जाएगा। बगैर लाइसेंस के ई-रिक्शा दौड़ाने वालों पर भी सख्त एक्शन होगा। संभागीय परिवहन विभाग चेकिंग के दौरान पकड़ में आने वाले ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन निरस्त करेगा। गुरुवार को एसपी ग्रामीण कमलेश उपाध्याय और एसडीएम सौरभ असवाल ने ई-रिक्शा और ऑटो तथा टेंपो यूनियन पदाधिकारियों की बैठक ली। समस्याओं को सुनने के बाद उन्हें पुराना बस अड्डा तिराहे से नगर निगम गेट तक आने की इजाजत दे दी गई। पूर्व निर्धारित प्लान के तहत जयराम आश्रम चौक से चंद्रभागा पुल तक जीरो-जोन के उल्लंघन पर चालान और वाहन सीज करने की चेतावनी दी गई। सवारी वाहनों में ओवरलोडिंग करने वालों पर भी एक्शन लेने की बात कही गई। बता दें कि, पुलिस ने एक अप्रैल से चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के मद्देनजर ट्रैफिक प्लान लागू किया था। ई-रिक्शा के लिए जयराम चौक से आगे शहर में प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था। बस अड्डे तक पहुंचने को ई-रिक्शा के लिए नया रूट तय किया गया था, लेकिन प्लान लागू होते ही न सिर्फ विरोध हुआ, बल्कि खुलेआम उल्लंघन भी शुरू हो गया। मौके पर एआरटीओ प्रवर्तन मोहित कोठारी, सीओ संदीप नेगी, प्रभारी निरीक्षक खुशी राम पांडेय, ट्रैफिक इंस्पेक्टर मुनिकीरेती सिद्धार्थ कुकरेती, टीएसआई अनवर खान, संजय शर्मा, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *