गैंग से हटाये गये श्रमिकों ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष व चकराता विधायक से लगाई रोजगार दिलाने की गुहार
विकासनगर। त्यूणी-चकराता राष्ट्रीय राजमार्ग पर चार माह पूर्व हटाये गये दैनिक श्रमिक गैंग मजदूरों ने अपनी पीड़ा समस्या से क्षेत्रीय विधायक को अवगत कराते हुए रोजगार दिलाने की मांग की। कहा कि लोनिवि एनएच ने उन्हें निकालकर चौराहे पर खड़ा कर दिया है। जिसके चलते उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। त्यूणी से चकराता अस्सी किलोमीटर सड़क पर राष्ट्रीय राजमार्ग डिविजन डोईवाला ने सड़क की देखभाल मेंटेनेंस के लिए तीन भाग मे गैंग दैनिक श्रमिक तैनात किये थे। ये श्रमिक हाईवे की साफ सफाई के साथ साथ क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत का कार्य करते थे। बरसात के दौरान मार्ग पर आने वाले मलबे, पुस्ता टूटने आदि की मरम्मत का कार्य करते थे, लेकिन विभाग ने त्यूणी चकराता मसूरी के बीच डामरीकरण टेंडर का हवाला देकर दिसम्बर माह में सड़क से गैंग हटा दिया। श्रमिकों में ग्यारु, अर्जुन, विजयपाल, सूरतसिंह, ख्यालूराम, अली अहमद, भोटू राम, खजान, जयलाल, शामियां, मंगतराम, सैजराम आदि ने विधायक को बताया कि वे पिछले चार माह से रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने एनएच के अधिकारियों से फोन पर वार्ता करते हुए निर्देशित किया स्थानीय दैनिक श्रमिकों को पुन: तैनाती देने की बात कही। जिससे उनको रोजगार मिल सके व सडक का भी उचित रखरखाव हो सके। दैनिक श्रमिको को पुनः तैनाती दे। ताकि सड़क की उचित रखरखाव किया जा सके।
