वन स्टूडेंट वन ट्री महाअभियान का हुआ समापन
हरिद्वार। गुरुकुल विवि कांगड़ी के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद की ओर से चलाए जा रहे वन स्टूडेंट वन ट्री महाअभियान का बुधवार को समापन हुआ। पौधरापेण का यह अभियान विश्वविद्यालय में पिछले एक महीने से चल रहा था। छात्रों ने पौधारोपण कर सेल्फी विद ट्री लेकर अभियान को सफल बनाया।
संकाय के डीन प्रो. विपुल शर्मा ने बताया कि इस अभियान में विभिन्न प्रजाति के करीब 700 पौधे रोपित किए गए। राष्ट्रीय सेवा योजना के इकाई-5 के कार्यक्रम अधिकारी मयंक पोखरियाल ने बताया है कि पौधरोपण का कार्यक्रम संकाय परिसर एवं हरिद्वार के विभिन्न क्षेत्रों में किया गया था। विभागाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान के तहत छात्रों को पौधरोपण और प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-6 के कार्यक्रम अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि संकाय के छात्रों ने वन स्टूडेंट वन ट्री महाअभियान के तहत अपने घरों के आसपास पौधरोपण करके सेल्फी विद ट्री लेकर अभियान को सफल बनाया। एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, डॉ. एमएम तिवारी , डॉ. सुनील कुमार, डॉ. अजय कुमार आदि ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर उद्यान अधिकारी धनपाल सिंह, उमाशंकर आदि मौजूद रहे।
