23मार्च को टिहरी पहुंचेगी गौमाता बचाओ जनजागरण यात्रा


नई टिहरी। श्रीराम गोधाम सेवा समिति तपोवन ऋषिकेश से गोमाता बचाओ जनजागरण यात्रा का शुभारंभ 21 मार्च से कर दिया गया है। यात्रा आगामी 23 मार्च उत्तरकाशी से टिहरी पहुंचेगी। लंबगांव व बूढाकेदार मंदिर होते हुए यात्रा का रात्रि विश्राम प्रथम केदार बेलेश्वर धाम (टिहरी जनपद) क्षेत्र में होगा। यात्रा के संरक्षक मोहन काला, संस्थापक जगदीश भट्ट, उषा भट्ट, हर्षमणी उनियाल, मदन भट्ट, सुदेश और यात्रा सचिव सुमन ने बताया कि 21 मार्च से 27 मार्च तक गढ़वाल मण्डल (उत्तराखंड) क्षेत्र में गोमाता की सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन की अभिलाषा में गो बचाओ जन जागरण यात्रा निकलेगी। यात्रा का शुभारंभ ऋषिकेश-तपोवन आनन्द भवन से मंगलवार को कर दिया गया है। यात्रा देहरादून, मसूरी होते हुए रात को लाखामण्डल रात्रि विश्राम के लिए पहुंचेगी। इस यात्रा में स्वामी रमेश आनंद महाराज, महंत रवि प्रपंनाचार्य, महामंडलेश्वर स्वामी दयाराम दस महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वर दास जी महाराज, समेत देवभूमि उत्तराखंड के सभी संत समाज वैष्णव जन, साधु, विरक्तजन, महामंडलेश्वर, आचार्य गण, महिलाएं, गोरक्षक तथा गोसेवक बढ़-चढ़ कर सम्मिलित हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक गो रथ यात्रा का उद्देश्य गांव से लेकर शहर के सड़कों पर निराश्रित घूम रही गोमाता एवं गोवंशों की दशा सुधारने के लिए एक जन जागरण अभियान है। जिसके लिए समस्त आम जनमानस से अपील की जा रही है की आप अपने-अपने क्षेत्र में गोमाता की रक्षा एवं संवर्धन का कार्य सेवा भाव से कर पुण्य के भागी बने तथा किसी भी स्थिति एवं परस्थिति में गोमाता को जगह-जगह निराश्रित न छोड़ें , क्योंकि केवल और केवल गोसेवा मात्र में ही समस्त जगत का कल्याण निहित है। समिति ने सभी गो भक्तों से आग्रह किया कि जो भक्त जन इस पुण्य कार्य में सहभागी बनना चाहते हैं वह जिन जिन शहर या गांव में रहते हैं वह हमसे संपर्क कर सकते हैं। समिति की गो यात्रा उनके गांव या शहर से गुजरेगी। गढ़वाल मंडल के सभी जनपद क्षेत्रों से चलने वाली है। इसमें हर कोई सम्मिलित हो सकता है। 24 मार्च को प्रथम केदार बेलेश्वर धाम से घनसाली, रुद्रप्रयाग रात्रि विश्राम जोशीमठ में यात्रा का होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *