मोदी सरकार केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार से रोकने के लिए गिरफ्तार करना चाहती है : आप
आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकने के लिए उन्हें गिरफ्तार करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। केजरीवाल दिल्ली आबकारी नीति मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा जारी तीसरे समन पर बुधवार को भी पेश नहीं हुए और उन्होंने लिखित जवाब भेजकर नोटिस को अवैध बताया। आप नेता और दिल्ली कैबिनेट मंत्री आतिशी ने समन को ‘‘बदले की राजनीतिक’’ बताया और कहा कि ईडी ने केजरीवाल के बार-बार लिखित अनुरोधों का जवाब नहीं दिया है, जिसमें यह स्पष्ट करने की मांग की गई है कि उन्हें पूछताछ के लिए क्यों बुलाया जा रहा है।
आबकारी नीति का पूरा मामला राजनीतिक है और यह केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकने का एक प्रयास है। भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कराने की साजिश रची है।’’ भारद्वाज ने कहा कि करीब एक साल से जेल में बंद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया देर-सबेर निर्दोष साबित होंगे। केजरीवाल को आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए बुधवार को ईडी के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। केजरीवाल आप के संयोजक भी हैं। उन्हें ईडी का यह तीसरा नोटिस है और इससे पहले उन्होंने दो नवंबर और 21 दिसंबर के दो समन पर संघीय एजेंसी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया था।
