(नई दिल्ली)शेयर बाजार ने गंवाई शुरुआती बढ़त, सनफार्मा-टेक महिंद्रा के स्टॉक ने लगाई लंबी छलांग
नई दिल्ली ,30 जुलाई ।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में बाजार में बढ़त थी जो आखिरी तक बरकरार नहीं रह सकी। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 66.23 अंक की गिरावट के साथ 52,586.84 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की बात करें तो ये 15,770 अंक के नीचे बंद हुआ। इस दौरान बैंकिंग और फाइनेंश कंपनियों के शेयर टॉप लूजर साबित हुए। एसबीआई, बजाज फाइेंनस, इंडसइंड बैंक, एक्सिस बैंक के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।
सनफार्मा टॉप गेनर, बीएसई इंडेक्स पर दवा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के शेयर में 10 फीसदी की तेजी रही और ये 774 रुपए के भाव पर बंद हुआ। कंपनी को 30 जून 2021 को समाप्त तिमाही में 1,444.17 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ दर्ज किया। सन फार्मा ने शेयर बाजार को बताया कि उसे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 1,655.60 करोड़ रुपए का शुद्ध घाटा हुआ था। इसके अलावा प्रमुख आईटी कंपनी टेक महिंद्रा के शेयर में करीब 8 फीसदी तक की तेजी आई है।
टेक महिंद्रा को हुआ है मुनाफा, टेक महिंद्रा को वित्त वर्ष 2021-22 की पहली तिमाही में जबरदस्त मुनाफा हुआ है। इस दौरान, टेक महिंद्रा का मुनाफा 39.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,353.2 करोड़ रुपए रहा। टेक महिंद्रा ने बताया कि कंपनी ने एक साल पहले इसी अवधि में 972.3 करोड़ का शुद्ध लाभ (अल्पसंख्यक ब्याज के बाद) दर्ज किया था। जून 2021 तिमाही में कंपनी का राजस्व 10,197.6 करोड़ रुपए रहा, जो एक साल पहले की अवधि में 9,106.3 करोड़ रुपए था। इस तरह उसके राजस्व में 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
गुरुवार को शेयर बाजार का हाल, शेयर बाजारों में पिछले तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर गुरुवार को विराम लग गया। सेंसेक्स 209.36 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की बढ़त के साथ 52,653.07 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी की बात करें तो 69.05 अंक यानी 0.44 प्रतिशत मजबूत होकर 15,778.45 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील सर्वाधिक 6.87 प्रतिशत लाभ में रहा।
