धरमूचक गांव में किसान दिवस का आयोजन
ऋषिकेश। इफको के तत्वावधान में डोईवाला के धरमूचक गांव में किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों को इफको नैनो यूरिया का उपयोग करने को जागरूक किया गया। इफको के क्षेत्रीय अधिकारी विनोद कुमार जोशी ने किसानों को इफको के समस्त उत्पादों की जानकारी दी। इफको नैनो यूरिया के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि किसान मिट्टी परीक्षण के आधार पर ही रासायनिक उर्वरकों का उपयोग करें। किसान रासायनिक उर्वरकों विशेषकर दानेदार यूरिया का उपयोग संतुलित मात्रा में करें। दानेदार यूरिया का उपयोग कम करते हुए नैनो यूरिया का उपयोग करें। इससे मिट्टी, पर्यावरण व मानव स्वास्थ्य रहेगा। साथ ही भारत सरकार द्वारा दानेदार यूरिया के एक बैग में दी जाने वाली प्रति 45 किलो बैग में लगभग 2000 की बचत होगी। कृषि विभाग के विकास खंड प्रभारी नरेश नौटियाल ने किसानों को कृषि विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन ईश्वर चंद पाल ने किसानों के साथ इफको के उत्पादों से उनकी फसलों में हुए लाभ के बारे में बताया। दून से आए कृषि निदेशालय के अधिकारी एके शुक्ला ने खेती में उर्वरकों का उपयोग जरूर करने को कहा। मौके पर राज्य विपणन प्रबंधक राकेश कुमार श्रीवास्तव, डोईवाला कृषि अधिकारी देवेंद्र असवाल, गन्ना विभाग से शेर सिंह, गन्ना पर्यवेक्षक मीना, गन्ना पर्यवेक्षक वेद प्रकाश, उर्वरक प्रभारी डोईवाला शुभम, परमजीत, तरसेम सिंह, सुभाष, बलबीर सिंह, सुरेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।
