बहुमंजिला इमारतों के निर्माण पर हरकत में आया प्रशासन
ऋषिकेश। शहर और आसपास के इलाकों में जगह-जगह बहुमंजिला इमारतों के निर्माण में नियमों के पालन की जांच को देहरादून प्रशासन हरकत में आया है। डीएम सोनिका ने क्षेत्र में औचक निरीक्षण कर हाल जाना है। उन्होंने बगैर नक्शा पास कराए बनने वाले भवनों पर कार्रवाई के निर्देश एमडीडीए को दिए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर भी एक्शन लेने की बात कही है। शुक्रवार को डीएम व मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) उपाध्यक्ष सोनिका ने शहर में भरत विहार, पुराना बस अड्डा और पशुलोक विस्थापित क्षेत्र में जारी बहुमंजिला इमारतों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणकर्ताओं से आवश्यक जानकारी जुटाने के बाद एमडीडीए के अधिकारियों से भी नक्शों को लेकर जवाब-तलब किया। बताया कि अवैध निर्माण करने वालों पर सख्ती बरती जा रही है। अधिकारियों को बगैर नक्शा पास कराए बहुमंजिला भवनों का निर्माण करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने बताया कि ऋषिकेश में जगह-जगह इमारतों के निर्माण की जानकारी मिली थी, जिस पर मौका-मुआयना किया गया है। अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माणकर्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संबंधित भवन को भी सील करने के लिए कहा है। बता दें कि, उन्होंने भूरीमाई धर्मशाला का भी निरीक्षण किया। मौके पर एडीएम केके मिश्रा, तहसीलदार डा. अमृता शर्मा आदि मौजूद थे।
