रिवर राफ्ट गाइडों हेतु चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
ऋषिकेश। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) और रेड क्रॉस सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में तपोवन में रिवर राफ्ट गाइडों के लिये चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। पहले दिन प्राथमिक चिकित्सा और कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का प्रशिक्षण दिया गया। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि साहसिक पर्यटन के प्रति पर्यटकों का उत्साह बढ़ रहा है। सर्दियों में भी अधिक संख्या में पर्यटक राफ्टिंग को गंगा घाटी आ रहे हैं। सोमवार को निशुल्क प्रशिक्षण कैंप में यूटीडीबी और रेड क्रॉस सोसायटी के अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने यूटीडीबी द्वारा पंजीकृत रिवर राफ्ट गाइडों को पर्यटकों की सुरक्षा के लिए प्राथमिक चिकित्सा व सीपीआर की तकनीक बताई। गाइडों को विभिन्न सुरक्षा किटों के बारे में भी बताया गया। शिविर का उद्देश्य पर्यटकों की सुरक्षा के साथ राज्य को रिवर राफ्टिंग के एक सुरक्षित व लोकप्रिय केंद्र के रूप में स्थापित करना है। यह चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ऋषिकेश के अलावा चम्पावत जिले के टनकपुर में भी आयोजित होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम कई बैचों में आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक बैच में 25 प्रतिभागी होंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का लक्ष्य इन क्षेत्रों में कार्यरत करीब 650 गाइडों को और अधिक पेशेवर और दक्ष बनाना है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य प्राथमिक चिकित्सा व सीपीआर की तकनीक से पर्यटकों की सुरक्षा बेहतर होगी। इससे देश और विदेश के पर्यटकों के बढ़ने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
