आशियाना बचाने को निकाला मशाल जुलूस

ऋषिकेश। आईडीपीएल बचाओ के बैनर तले आईडीपीएल, कृष्णानगर कॉलोनीवासियों ने देर शाम मशाल जुलूस निकालकर हुंकार भरी। इस दौरान धामी सरकार से न्याय की गुहार भी लगायी गई। सोमवार देर शाम आईडीपीएल टाउनशिप, कृष्णा नगर कॉलोनी में निवास करने वाले लोग, व्यापारी और हाट बाजार में कारोबार करने वाले लोग आईडीपीएल सामुदायिक केंद्र में एकत्रित हुए। यहां से मशाल जुलूस शुरू किया, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए आईडीपीएल गोल चक्कर पहुंचा। यहां मशाल जुलूस में शामिल कॉलोनीवासियों ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी और धामी सरकार से जनहित में उचित निर्णय करने की गुहार लगायी। आईडीपीएल बचाओ के पदाधिकारी योगी तिवारी ने बताया कि कॉलोनी में पिछले काफी सालों से रहने वाले लोगों को आवास खाली करने का पूर्व में नोटिस संस्थान की ओर से जारी किया गया था, तब से कॉलोनीवासी आंदोलनरत हैं। मामले में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से भी मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। लेकिन, अभी तक इस मामले में किसी तरह की पहल नहीं हो सकी है। सरकार को जगाने के लिए आईडीपीएल कॉलोनीवासी मशाल जुलूस निकाल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *