तहसील दिवस में 33 शिकायतें दर्ज, 14 का निस्तारण
ऋषिकेश। जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए मंगलवार को ऋषिकेश में तहसील दिवस के दौरान खराब सड़कें, अवैध निर्माण समेत 33 शिकायतें दर्ज हुईं। इसमें समाज कल्याण के पेंशन से जुड़े 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि अन्य 19 मामलों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों का अग्रसारित किया गया। ऋषिकेश तहसील के सभागार में मंगलवार को नायब तहसीलदार विनोद तिवारी ने बारी-बारी से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों से जवाब तलब किया। पार्षद राजेंद्र सिंह बिष्ट, भगवान सिंह पंवार ने वार्डों में खस्ताहाल सड़कों को दुरुस्त करने के साथ ही विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन शीघ्र पात्रों को जारी करने की मांग की। पार्षद लव कांबोज ने वीरपुरखुर्द क्षेत्र में अवैध निर्माण की शिकायत दर्ज करायी। सप्ताहभर में कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। तहसील दिवस में रानीपोखरी ग्रांट क्षेत्र में नए विद्युत पोल लगाने, गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों को राशन कार्ड जारी करने समेत कुल 33 मामले आए। इनमें से विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन से जुड़े 14 समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया।
