बिजली का कनेक्शन देने की मांग को लेकर बिजली घर पहुंचे लोग
रुड़की। बिजली कनेक्शन न होने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के अंधेरे में दो लोगों को सांप के काटने से मौत भी हो चुकी है। लोगों ने बिजली घर पहुंच कर कनेक्शन दिए जाने की मांग की है। गाधारोणा में लंढौरा मार्ग के पास 15 से अधिक परिवार के लोग सालों से रह रहे हैं। इन लोगों का कहना है कि चार माह पहले बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया था। लेकिन सर्वे फेल होने की वजह से अभी तक कनेक्शन नहीं हो पाए हैं। लोगों का कहना है घरों के आसपास खेत और घास उगी हुई है। जिसके चलते रात को अंधेरे में कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। महिला मीनाक्षी ने बताया कि एक सप्ताह पहले रात के अंधेरे में सोते समय उसकी दो साल की बच्ची दीपिका को सांप ने काट लिया था। जिससे बच्ची की मौत हो गई थी। लोगों का कहना है कि एक साल पहले रात को ही 50 वर्षीय इंद्राज की भी सांप के काटने से मौत हो गई थी। इन लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान इन लोगों ने बिजली कनेक्शनों के लिए आवेदन किया था। लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं हो पाए। मंगलवार को समाज की महिलाएं और पुरुषों ने लंढौरा बिजली घर पहुंच कर अधिकारियों से मिलकर बिजली कनेक्शन दिए जाने की मांग की। ऊर्जा निगम के जेई अमित त्यागी का कहना है कि बिजली लाइन खींचने के लिए उपयुक्त जगह न होने से सर्वे फेल हो गया था। इसी कारण बिजली कनेशन स्वीकृत करने में देरी हो रही है। जेई का कहना है कि अब कुछ लोगों ने उन्हें लिख कर दिया है कि इस स्थान से बिजली लाइन खींची जाएं। जल्द ही इन लोगों के बिजली कनेक्शन करा दिए जाएंगे। बिजली घर पर अधिकारियों से मिलने वालों में गोविंदा,कुंता, सुधीर, जगपाल, पवन, बिरपाल, धर्मपाल, रेखा, मीना, बलवीरी, विमलेश, कविता, बालेश, राजकुमारी, पंकज, संगीता, नीलम आदि शामिल रहे।
