रोडवेज कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार से यात्री रहे परेशान

ऋषिकेश। लंबित मांगों का समाधान नहीं होने से नाराज रोडवेज कर्मचारी शुक्रवार को कार्यबहिष्कार पर रहे। मैदानी और पर्वतीय रूटों पर संचालित बसों के चक्के जाम होने से सवारियों की फजीहत हुई। सामान के बोझ के साथ सवारियां बस अड्डा परिसर में भटकने को मजबूर रही। घंटों इंतजार के बाद भी रोडवेज बसें नहीं चलने से लोगों ने गंतव्य तक पहुंचने के लिए प्राइवेट वाहनों का सहारा लिया। तीर्थनगरी ऋषिकेश से दिल्ली समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों के लिए रोडवेज बसों का संचालन सुबह 5 बजे और पर्वतीय क्षेत्र में तड़के 4 बजे से शुरू हो जाता है। शुक्रवार को लंबित मांगों के समर्थन में रोडवेज कर्मचारियों के कार्यबहिष्कार के चलते रोडवेज बसों के पहिए जाम रहे। यानी कि एक भी बस संयुक्त यात्रा रोडवेज बस अड्डा परिसर से बाहर नहीं निकली। जो जहां खड़ी थी देर शाम तक वहीं खड़ी रही। बसें नहीं चलने से बस अड्डा परिसर में सवारियां परेशान रही। रुद्रप्रयाग जाने वाले राकेश डिमरी ने बताया कि वह सुबह 4 बजे बस अड्डा परिसर में पहुंच गए थे, यहां आकर जानकारी मिली कि रोडवेज कर्मचारी कार्यबहिष्कार पर हैं बसें नहीं चलेंगी। अब सुबह के 10 बज चुके हैं प्राइवेट वाहन से ही सफर तय करना होगा। अकेले डिमरी नहीं सैकड़ों सवारियां बसें नहीं चलने से परेशान रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *