चम्पावत में फलोद्योग स्थापित करने की दिशा में कार्य करें
चम्पावत। डीएम नरेंद्र सिंह भंडारी ने जिले में बहुतायत में उत्पादित होने वाले फलों को उद्योग के रूप में विकसित करने को कहा है। उन्होंने भारत पेट्रोलियम के अधिकारियों को एफपीओ के साथ मिल कर कार्य करने के निर्देश दिए। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए। भारत पेट्रोलिय संस्थान देहरादून से आई मुख्य वैज्ञानिक पूनम गुप्ता ने बताया कि सीएम के निर्देश पर उत्तराखंड के दूरस्थ और सीमावर्ती दस विकास खंडों का चयन किया है। इसमें चम्पावत ब्लॉक भी शामिल है। चयनित गांव में विभिन्न विकास कार्य, आजीविका संवर्द्धन, कौशल विकास कार्य किए जाएंगे। बताया कि पिरुल से बकेट निर्माण संबंधी संयंत्र स्थापित करने, गुड़ भट्टी निर्माण, हिटिंग व बिजली उत्पादन के लिए जैविक तेल को ईधन में बदलने, कृषकों को इंटरनेट आधारित मूल्य श्रंखला बनाने समेत तमाम कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा मंदिरों में चढ़ाए गए फूलों से अगरबत्ती और सुगंधित शंकु बनाए जाएंगे। बागवानी उत्पादों से मूल्य वर्धित खाद्य प्रसंस्करण बनाने का कार्य किया जाएगा।
