बुजुर्ग कैलाशो की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार -परिचित राजेंद्र के बेटे ने ही की थी हत्या

रुडक़ी

मुंडाखेड़ा कलां गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या उसके परिचित राजेंद्र के बेटे राहुल ने पत्थर से कुचलकर की थी। राजेंद्र की मौत के बाद महिला ने राहुल से उसके घर में रखे अपने जेवर मांगे थे। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने लक्सर में पत्रकार वार्ता कर बताया कि तीस मई को मुंडाखेड़ा कलां की कैलाशो की हत्या कर दी गई थी। कैलाशो निस्संतान थी और पति की मौत के बाद से मकान में अकेली रहती थी। पड़ोस का राजेंद्र सैनी उसके खाने पीने का इंतजाम करता था। एसएसपी के मुताबिक कैलाशो ने अपने कुछ जेवर और पैसे सुरक्षा के लिए राजेंद्र के पास रखे थे। मई में राजेंद्र की मौत हो गई थी। इसके बाद से कैलाशो राजेंद्र के बेटे राहुल से उसके घर में रखे अपने जेवर व गहने वापस मांग रही थी। जेवर व पैसे वापस न करने पड़ें, इसी को लेकर राहुल ने उसकी हत्या की योजना बनाई। उसे पता था कि कैलाशो के मकान का मेन गेट खराब होने के कारण बंद नहीं होता है। लिहाजा 30 मई की रात को वह एक नुकीला पत्थर लेकर उसके घर में घुसा और सो रही कैलाशो के सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल प्रदीप चौहान, एसएसआई मनोज सिरौला, एसआई मनोज नौटियाल, अंकुर शर्मा, यशवीर सिंह नेगी, विनोद भट्ट, संजय रावत, सिपाही बलबीर, विवेक गुसांई, विरेंद्र, मनोज मलिक, एसओजी प्रभारी जहांगीर अली, अहसान अली, सुरेश रमोला, जाकिर हुसैन, निजिन, कपिल, महिपाल आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *