घरेलू कलह से आजिज महिला ने दो बेटियों संग आत्महत्या की
गोरखपुर
जिले के पीपीगंज इलाके स्थित रोहिन नदी में सोमवार की सुबह एक साथ तीन लाश मिलने से हड़कंप मच गया। नदी में मिले शवों में एक महिला और उसकी दो बेटियां हैं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों लाशों को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल में जुटी रही।काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों की पहचान पीपीगंज इलाके के बगहीभारी निवासी शैलेश कन्नौजिया की पत्नी माया और उसी दो बेटियों के रुप में हई। वहीं, महिला का पति शैलेश सुबह अहमदाबाद चला गया। घटना की वजह पति—पत्नी के बीच विवाद सामने आ रहा है। हालांकि मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस इसे आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।सोमवार की सुबह पीपीगंज जंगल कौड़िया के गगटा रोहिन नदी के किनारे सुबह कुछ लोग गए तो देखा कि एक महिला और दो बच्चों की लाश पानी में पड़ी है। उनके शोर मचाने पर काफी भीड़ जमा हो गई।किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। नदी में एक साथ तीन शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। लाशों को बाहर निकलवाया गया। तब उनकी पहचान बगहीभारी निवासी शैलेष की पत्नी माया 40, बेटी शिवानी 13 और बेटी अर्पिता 9 के रूप में हुई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बगहीभारी निवासी शैलेश पहले दुबई में रहकर काम करता था। बाद में वहां से लौटकर अहमदाबाद में कारपेंटर की नौकरी करने लगा। उसकी ससुराल मछलीगांव, बरातगाढ़ा के पास है। किसी बात को लेकर विवाद होने पर पत्नी माया मायके चली गई। लॉकडाउन में घर आए शैलेश ने पत्नी को बुलाया तो कुछ दिन पहले वह लौटकर आई।रविवार की दोपहर परिवार में मोबाइल के सिमकार्ड को लेकर विवाद हुआ। ससुर और पति से झगड़ा करने के बाद माया अपनी बेटियों को साथ लेकर कहीं चली गई। पति और बड़े बेटे विशाल ने काफी तलाश की, लेकिन जब कुछ भी पता नहीं लगा तो उन्होंने इसकी सूचना डॉयल 112 पर फोन करके दी।वहीं, पत्नी के घर न लौटने पर पति ने रात में भी तलाश की। सोमवार की सुबह अहमदाबाद जाने के लिए उसने ट्रेन का टिकट लिया था। उसे लगा कि नाराज पत्नी रिश्तेदारी में कहीं गई होगी। रात में पत्नी के वापस न आने पर वह सुबह ट्रेन पकड़कर वह रवाना हो गया।पुलिस ने जब उसे फोन किया तो वह गोंडा पहुंच चुका था। गांव के लोगों ने बताया कि रविवार की दोपहर परिवार में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। तभी से महिला बेटियों को साथ लेकर घर से निकल गई।पीपीगंज एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि मां और बेटियों की लाश निकलवाई गई। मां ने दोनों बेटियों को साड़ी में बांधकर खुद से लपेट लिया था। आशंका है कि उसने बेटियों के साथ पानी में छलांगकर जान दे दी। नदी में जहां पर लाशें मिली हैं। वहां से कुछ दूरी पर ही नदी का मोड़ है। मोड़ पर नदी की धारा तेज है। वहां पानी गहराई भी ज्यादा है।अब तक जांच में माया और उसकी दोनों बेटियों के शरीर पर किसी तरह के कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। गले पर भी किसी तरह का कोई निशान नहीं है। ऐसे में पुलिस का मानना है कि माया ने अपनी दोनों बेटियों के साथ नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली।वहीं, दूसरी ओर हत्या के सवाल पर पुलिस का कहना है कि अगर पति द्वारा महिला की हत्या की गई होती तो वह अपनी दो बेटियों को क्यों मारेगा?जबकि, उसका बेटा घर पर ही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेेगा।
