इंडेट बढ़ाने की मांग को लेकर समिति पर धरना


रुड़की। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने गन्ना समिति पर धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने शुगर मिल पर पड़ोसी राज्य से नगद गन्ना खरीदने का आरोप लगाया है। किसानों ने कहा कि गन्ना इंडेंट नहीं बढ़ाया गया तो आंदोलन किया जाएगा। शुगर मिल का पेराई सत्र अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शुगर मिल पेराई सत्र समाप्त कर सकती है। वहीं, किसानों का गन्ना अभी भी खेतों में खड़ा है। किसानों का कहना है कि इंडेंट कम जारी होने से गन्ना खेतों में है। इससे उन्हें अगली फसल की बुआई के लिए भी समय नहीं मिल पा रहा है। बताया कि मजबूरी में किसान गन्ना कम रेट पर कोल्हू में बेचने को मजबूर हैं। ताकि खेत खाली कर अगली फसल की तैयारी की जा सके। इसी मसले पर भारतीय किसान यूनियन ने कम इंडेट को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। भाकियू जिला अध्यक्ष विजय कुमार शास्त्री ने कहा कि शुगर मिल किसानों का उत्पीड़न कर रही है। किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा है, जबकि शुगर मिल प्रशासन बाहर से नकद गन्ना खरीद रहा है। उन्होंने कहा कि मात्र 40 से 42 दिनों का पेराई सत्र बाकी है। ऐसे में यदि इसी प्रकार इंडेट जारी होता रहा तो किसानों का गन्ना खेतों में ही खड़ा रह जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *