पछुवादून से लेकर जौनसार बावर तक 11 घंटे गुल रही बिजली

विकासनगर। पछुवादून क्षेत्र से लेकर जौनसार बावर तक शनिवार को बिजली की आपूर्ति ग्यारह घंटे तक पूरी तरह से ठप रही। बिजली की आपूर्ति बंद रहने के कारण क्षेत्र में पानी की आपूर्ति व संचार व्यवस्था भी ठप रही। जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम का कहना है ढकरानी स्थित पावर हाउस में मरम्मत कार्यों के चलते आपूर्ति ठप रही। कहा कि रविवार को भी मरम्मत कार्यों के चलते आपूर्ति ठप रहेगी। पछुवादून के विकासनगर, हरबर्टपुर, डाकपत्थर, सहसपुर सहित आसपास के करीब डेढ़ सौ से अधिक गांवों और जौनसार बावर के कालसी, साहिया, चकराता, त्यूणी, हनोल, क्वांसी, लाखामंडल सहित करीब 368 गांवों में बिजली की आपूर्ति सुबह आठ बजे से लेकर देर शाम सात बजे तक पूरी तरह से ठप रही। बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण पानी की आपूर्ति भी बंद रही। जिससे बिजली के साथ-साथ लोग पानी के लिए भी तरसते रहे। दिनभर लोग हैंडपंपों व शक्ति नहर से कार, स्कूटर आदि से पीने के लिए पानी ढोते रहे। यही नहीं बिजली आपूर्ति बंद रहने से विकासनगर एक्सचेंज पूरी तरह से ठप हो गया। जिससे बीएसएनएल की नेटवर्किंग व्यवस्था पूरी तरह से ठप रही। त्यूणी, चकराता, कालसी, साहिया से लेकर पूरे जौनसार बावर में बीएसएनएल की संचार व्यवस्था ठप रही। सरकारी व गैर सरकारी सभी कार्यालयों, बैंकों में भी कामकाज प्रभावित हुआ। ग्यारह घंटे तक आपूर्ति ठप रहने से इनवर्टर आदि ने भी काम करना बंद कर दिया। यही नहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों खासकर इलेक्ट्रॉनिक व इलेक्ट्रिकल से सबंधित व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी कामकाज प्रभावित रहा। दिनभर बिजली पानी, संचार सेवा के बाधित रहने से लोगों में हा हाकार मचा रहा। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार का कहना है कि यूजेवीएनएल को ढकरानी पावर हाउस में मरम्मत कार्य करने के चलते बिजली की आपूर्ति ठप रही। कहा कि रविवार को भी पावर हाउस में मरम्मत कार्यों के चलते बिजली की आपूर्ति बाधित रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *