गैस रिसाव कांड: कबाड़ी को सिलेंडर बेचने वाला एक युवक गिरफ्तार

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के आजादनगर में कुछ दिन पूर्व हुए गैस रिसाव कांड में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवक ने ही कबाड़ी को सिलेंडर बेचा था। जिससे गैस का रिसाव हुआ था। युवक आजादनगर की एक पानी की टंकी में दिहाड़ी मजदूरी करता है। एक और युवक की पुलिस को तलाश है। 29 अगस्त की सुबह आजादगर क्षेत्र में क्लोरीन गैस का रिसाव हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राहत और बचाव कार्य किया। गैस रिसाव की चपेट में आए 47 लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। जांच के बाद पता चला कि क्षेत्र में कबाड़ का काम करने वाले कबाड़ी बबलू कश्यप के कबाड़ गोदाम में एक सिलेंडर पड़ा था, जिससे गैस रिसाव हुआ था। पुलिस ने बबलू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बबलू ने बताया कि उसने कुछ दिन पहले जे ब्लॉक आजादनगर की पानी की टंकी पर दिहाड़ी मजदूरी करने वाले सुरेंद्र और वीरपाल से सिलेंडर खरीदा था। पुलिस ने बुधवार को सुरेंद्र निवासी आजादनगर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। वीरपाल की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *