फुफेरे भाई ने चुराया गहनों से भरा बैग गिरफ्तार 

रुड़की। दपुरी बांगर में बुआ के घर रुके व्यापारी का सोने, चांदी के गहनों का बैग उसके फुफेरे भाई ने चुराया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही ज्यों का त्यों गहनों से भरा बैग भी बरामद कर लिया है। रविवार को पुलिस ने आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया। सहारनपुर निवासी बाबूराम का वहीं सुनार का काम है। उसकी बहन खानपुर के चंदपुरी बांगर गांव में है। बाबूराम का बेटा अंकित देहात में घूमकर सोने, चांदी के हल्के फुलके गहने बेचता है। 26 अगस्त को वह चंदपुरी आया था। शाम को वह बुआ के घर ठहरा था। रात को उसका बैग चोरी हो गया। बैग में सोने, चांदी के गहने थे। अंकित की तहरीर पर खानपुर पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही थी। रविवार को पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। सीओ हेमेंद्र सिंह नेगी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि वादी अंकित का फुफेरा भाई अंकुश सहारनपुर में अपने मामा (अंकित के पिता) के साथ सोने चांदी का काम सीखता था। उसी ने अंकित का बैग चोरी करने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक उसने अंकित को अपने घर ठहराया और रात को उसे घर के ऐसे कमरे में सुलाया, जिसका दरवाजा भीतर से बंद नहीं होता था। रात को उसने चुपचाप बैग चुराया और इसे पास के सूखे नाले में घास फूस के नीचे छिपा दिया। पुलिस ने अंकुश को गिरफ्तार कर गहनों से ज्यों का त्यों भरा बैग भी बरामद किया है। रविवार को पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। खुलासा करने वाली टीम में एसआई नवीन चौहान और विकास रावत के साथ सिपाही सुनील कुमार व दीपक भारती शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *