कोरोना कर्फ्यू से कम हुआ संक्रमण, तीसरी लहर के लिए भी तैयारः वीरेंद्र कंवर

ऊना
ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने आज कोरोना मरीजों के इलाज के लिए बनाए जा रहे मेक शिफ्ट अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी का यह कठिन दौर है तथा प्रदेश सरकार गंभीरता के साथ मरीजों के लिए सुविधाएं जुटाने पर जोर दे रही है।  मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में कोविड समर्पित अस्पतालों, मेक शिफ्ट अस्पतालों के निर्माण के साथ बेड क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में दवाओं, ऑक्सीजन व बेड के साथ-साथ अन्य उपकरणों की कोई कमी नहीं है।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पिछले दिनों में जिला ऊना में कोविड-19 संक्रमित मरीज बढ़े हैं तथा जिला प्रशासन ऊना गंभीरता के साथ अतिरिक्त बेड लगाने के लिए प्रयास कर रहा है। मेक शिफ्ट अस्पताल पंडोगा में एक सप्तााह के भीतर 180 बेड कोरोना संक्रमितों के लिए उपलब्ध होंगे। इससे पहले पालकवाह में भी एक मेक शिफ्ट अस्पताल तैयार किया गया है, जहां पर 86 बेड लगे हैं।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि कोरोना को रोकने के लिए प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू लगाया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कोरोना का संक्रमण कम हुआ है, लेकिन अभी भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना आवश्यक है। लापरवाही फिर से खतरनाक रूप ले सकती है क्योंकि विशेषज्ञ तीसरी लहर की भी चेतावनी दे रहे हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार इससे निपटने के लिए भी तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचने के लिए आम जनता को भी सहयोग देना होगा। कंवर ने कहा कि सभी कोविड-19 वायरस से बचने के लिए जारी किए जा रहे दिशा-निर्देशों का पालन करें। अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। मास्क तथा सेनिटाइजर का प्रयोग करें।
इस अवसर पर जिलाधीश ऊना राघव शर्मा, सीएमओ डॉ. रमण कुमार शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *