रविवार से 45 +वालों के वैक्सीनेशन शुरू होने की उम्मीद
रुडक़ी। रुडक़ी में रविवार से 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के व्यक्तियों के वैक्सीनेशन का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। शनिवार तक इस आयु वर्ग के लिए वैक्सीन खेप पहुंच सकती है। वर्तमान समय में शहर में पांच वैक्सीनेशन सेंटर में 18 से लेकर 44 उम्र के व्यक्तियों का वैक्सीनेशन जारी है । जबकि 45 वर्ष से ऊपर की उम्र वालों को करीब एक सप्ताह से वैक्सीन नहीं लग रही है। वैक्सीन की कमी के कारण रविवार से 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का वैक्सीनेशन नहीं हो पा रहा है। रोजाना ही इस आयु वर्ग के कई व्यक्ति केंद्रों में वैक्सीनेशन के संबंध में जानकारी लेने पहुंच रहे हैं । लेकिन वैक्सीन ने होने के कारण उन्हें मायूस लौटना पड़ रहा है । अब रविवार से 45 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों का वैक्सीनेशन शुरू होने की उम्मीद है। सेशन साइट व्यवस्थापक रामकेश गुप्ता ने बताया कि रविवार से 45 से अधिक उम्र के व्यक्तियों को वैक्सीन लगनी शुरू होने की उम्मीद है। उनके अनुसार शनिवार तक टीके की खेप आ सकती है। जबकि शुक्रवार को बीएसएम इंटर कालेज, रामनगर स्थित मूलराज इंटर कालेज, सिविल लाइंस मोहपुरा स्थित आनंद स्वरुप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर, गांधी महिला शिल्प विद्यालय बीटीगंज और नगर निगम शहर के पांच केंद्रों में 18 से लेकर 44 आयु के व्यक्तियों को टीका लगाया गया।
स्तनपान कराने वाली महिलाओं को लग सकेगी वैक्सीन: वैक्सीनेशन के सेशन साइट व्यवस्थापक रामकेश गुप्ता ने बताया कि बच्चों को स्तनपान कराने वाली महिलाएं भी कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगा सकेंगी। जबकि अभी तक ऐसी महिलाओं को कोरोना से बचाव की वैक्सीन नहीं लगायी जा रही थी। रामकेश गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों से दिशा निर्देश मिल गए हैं। जिसके अनुसार बच्चों को स्तनपान कराने वाली जो भी महिलाएं पोर्टल पर पंजीकरण करवाएंगी, उन्हें टीका लगाया जाएगा।
