पछुवादून, जौनसार बावर में धूमधाम से मनाई गांधी और शास्त्री जयंती


विकासनगर। पछुवादून, जौनसार बावर में गांधी और शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई गई। शिक्षण संस्थानों और सरकारी दफ्तरों पर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान रामधुन के साथ ही जय जवान, जय किसान का नारा गूंजता रहा। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बाबूगढ़ में छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। प्रधानाचार्य कलीराम ने ध्वजारोहण कर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पार्पण किया। जिसके बाद छात्र-छात्राओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीता राम…, वैष्णव जन को तेने कहिए, पीर पराई जाणे रे… का मधुर गान किया। वीर अर्जुन स्कॉलर्स एकेडमी में नौनिहालों ने गांधी और शास्त्री की भेष भूषा में शानदार प्रस्तुतियां दी। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता संग्राम की महत्वपूर्ण घटनाओं का मंचन किया। एनफील्ड सीनियर सेकेंड्री स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। तीन वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के तहत दृष्टि तोमर, खुशी राणा, गौर भानु प्रथम, शिवांग पुरोहित, रिद्धिमा पैन्यूली, निधि शर्मा द्वितीय और अर्नव धीमान, अनुष्का चौहान, श्रद्धा सेठ तीसरे स्थान पर रहे। एसबी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में नमक सत्याग्रह का मंचन किया गया। जूनियर हाईस्कूल लक्खनवाला के छात्रों ने रैली निकालकर स्वच्छता के लिए जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *