पछुवादून में रामपुर तिराहा गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी


विकासनगर। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा गोलीकांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों को पछुवादून में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राज्य आंदोलनकारियों ने अभी तक गोलीकांड के आरोपियों को सजा नहीं मिलने पर आक्रोश जताया। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच की ओर से विकासनगर के अस्पताल रोड स्थित शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मंच के अध्यक्ष एवं उक्रांद के केंद्रीय संरक्षक सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि विश्व को अहिंसा का पाठ पढ़ाने वाले महात्मा गांधी की जयंती पर उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह सरकार ने उत्तराखंड के आंदोलनकारियों पर गोलियां चलाकर बर्बर कार्रवाई की थी। दो दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद गोलीकांड के आरोपियों को सजा दिलाने के बजाय केंद्र सरकार ने इस बर्बर घटना के मास्टर माइंड मुलायम सिंह यादव कोम पदम पुरस्कार से नवाजा। उन्होंने कहा कि इससे जाहिर होता है कि सरकार आंदोलनकारियों का कितना सम्मान कर रही है। दूसरी ओर सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने कार्यकर्ताओं के साथ शहीद सतेंद्र चौक स्थित स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक ने कहा पृथक राज्य के निर्माण के लिए अपना बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों के हम सदैव कृतज्ञ रहेंगे। रामपुर तिराहा में राज्य आंदोलनकारियों पर आमानवीय अत्याचार हुआ, अनेक नौजवान शहीद हुए। सेलाकुई के हरिपुर निवासी सतेंद्र सिंह चौहान भी उन अमर बलिदानियों में से एक थे। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उधर, गढ़वाल सभा भवन हरबर्टपुर में आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। राज्य आंदोलनकारियों ने मुजफ्फरनगर कांड के दोषियों को सजा दिलाने की मांग उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सरकारों से की। इस दौरान उर्मिला शर्मा, संतोष रावत, नरेश बहुगुणा, अनिल काण्डपाल, राकेश अमोली, दिनेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *