गूगल पर तरीका ढूंढकर की थी बेटे की हत्या

फरीदाबाद

गांव भैंसरावली में 10 वर्षीय बच्चे यक्ष की हत्या के आरोप में क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने उसकी मां रंजन देवी को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच का दावा है कि रंजन देवी ने हत्या से दो दिन पहले गूगल पर सर्च किया था कि चुन्नी से गला कसकर हत्या कैसे करें। इस बेहद पेचीदा मामले में क्राइम ब्रांच के हाथ कोई सबूत नहीं लग रहे थे। रंजन देवी और उसके परिवार वाले यह मानने को तैयार नहीं हैं कि हत्या उसने की है। ऐसे में क्राइम ब्रांच बुरी तरह उलझ गई थी। क्राइम ब्रांच को उस रात रंजन देवी के कमरे में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के निशान नहीं मिले। ऐसे में शक की सुई हर बार रंजन देवी पर जाकर टिकती। आखिर क्राइम ब्रांच ने रंजन देवी की गूगल सर्च हिस्ट्री खंगाली। उससे ही क्लू मिला और यही रंजन देवी की गिरफ्तारी का आधार बना। सर्च हिस्ट्री के आधार पर ही पहले मंगलवार को एक दिन की रिमांड ली। इसके बाद बुधवार को अदालत से एक दिन की रिमांड बढ़वाई। इस मामले में हत्या के कारण पर पुलिस अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कह पा रही। सूत्रों के अनुसार रंजन देवी के किन्हीं वजहों से अवसाद में होने की बात सामने आई है। अनुमान है कि उसी अवसाद में उसने अपने बेटे की हत्या की। क्राइम ब्रांच का कहना है कि बृहस्पतिवार तक हत्या का कारण स्पष्ट हो जाएगा। रंजन देवी उच्च शिक्षित है। उसने एमए और जेबीटी की हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *