सिरोबगड़ में मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे  बंद

रुद्रप्रयाग। बीती रात से हो रही भारी बारिश से जिले के अनेक स्थानों पर जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में मलबा आने के कारण बुधवार रात से बंद है जबकि केदारनाथ हाईवे कई जगहों पर बाधित रहा। कई जगहों पर सड़कों से पत्थर गिरने की सूचनाएं भी मिली है। मानसून की पहली बारिश ने ही हर किसी की मुश्किलें बढ़ा दी है। बीती रात से हो रही भारी बारिश के चलते बदरीनाथ हाईवे पर सिरोबगड़ में मलबा आने से हाईवे बंद हो गया है। जिस कारण से वाहनों की आवाजाही खांकरा-छांतीखाल एवं खांकरा-खेड़ाखाल से हो रही है। कई वाहन वहीं फंसे हैं तो कई वापस लौट गए हैं। गुरुवार को यहां जेसीबी द्वारा मलबा हटाने का प्रयास किया गया किंतु पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थर और बारिश से हाईवे नहीं खोला जा सका। वहीं केदारनाथ हाईवे भी सुबह नैल के साथ ही मुनकटिया में पत्थर मलबा गिरने से बाधित रहा। दोपहर तक दोनों स्थानों पर वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी गई। हाईवे बंद होने के कारण तीर्थयात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दूध, सब्जी और न्यूज पेपर आदि जरूरी सामग्री भी दोपहर बाद सप्लाई हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *