कार खाई में गिरने से एक महिला की मौत, तीन गंभीर घायल


विकासनगर। तहसील क्षेत्र अंतर्गत बैराटखाई-गांगरो मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी में प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि मसूरी से गांगरो की ओर जा रही ऑल्टो कार बैराटखाई-गांगरो मार्ग पर सिंगोर के पास अनियंत्रित होकर सौ मीटर नीचे खाई में गिर गई। कार में सवार महिला सामो देवी (30 वर्ष) पत्नी गंभीर सिंह, निवासी कसौन पट्टी सिलगांव जिला टिहरी गढ़वाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक अनिल दास निवासी चिटाड़ कालसी, फेटारू दास, प्रीतम सिंह निवासीगण गांगरौ कालसी गंभीर तौर पर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाल कर निजी वाहन से उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया, जबकि महिला के शव को पीएम के लिए विकासनगर मोर्चरी पहुंचाया। नायब तहसीलदार केडी जोशी ने बताया कि घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का कारण सुबह घना कोहरा छाया हुआ माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *