दूसरे दिन भी बनी रही लोकल रूट पर बसों की कमी

ऋषिकेश। पहाड़ के लोकल रूटों पर बसों की कमी मंगलवार को दूसरे दिन भी बनी रही। ऋषिकेश से लंबंगांव-जोगत और घनसाली जाने वाली एक-एक बस सेवा मंगलवार को बाधित रही। वहीं श्रीनगर गढ़वाल लोकल रूट की सवारियां भी संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर में वाहनों के इंतजार में भटकती रहीं। चारधाम यात्रा में बसों के जाने से पर्वतीय क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। एक दिन पहले सोमवार को लोकल रूट के लिए बसें नहीं मिलने पर सवारियों ने हंगामा किया था। इस पर परिवहन विभाग ने यात्रा के लिए आरक्षित बसों में से 50 प्रतिशत बसों के लोकल रूट पर चलाने की सहमति बनाई थी।
लोकल रूटों पर बसों की कमी दूसरे दिन मंगलवार को भी बनी रही। इसका असर संयुक्त यात्रा बस अड्डा परिसर में सवारियों के वाहनों का इंतजार करने के रूप में नजर आया। यातायात एवं पर्यटन सहकारी संघ के अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि बसों की कमी के चलते रूटों पर समय सारणी के हिसाब से संचालित बस सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। ऋषिकेश से लंबगांव की चार बस सेवाएं हैं, इसमें मंगलवार को एक बस सेवा लंबगांव-जोगत स्थगित रही। घनसाली की भी एक बस सेवा बधित रही। बताया कि श्रीनगर गढ़वाल लोकल रूट, रुद्रप्रयाग, पौड़ी आदि के लिए बसों की कमी है। एआरटीओ अरविंद पांडेय ने बताया कि बसों की कमी को जल्द दूर कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *