सीएम धामी ने की आरएसएस प्रांत प्रचारक से बंद कमरे में चर्चा

विकासनगर। उत्तरकाशी के डामटा में हुई बस दुर्घटना स्थल का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासनगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज बाबूगढ़ में चल रहे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शिक्षा वर्ग में आरएसएस के पदाधिकारियों से बंद कमरे में लंबी बातचीत की। करीब तीस मिनट की मुलाकात के बाद सीएम धामी ने भाजपा प्रदेश महामंत्री के घर उनके पारिवारिक समारोह में शिरकत की।  सीएम धामी विकासनगर विधायक मुन्ना चौहान के साथ ही सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पहुंचे। जहां उन्होंने आरएसएस के प्रांत प्रचारक युद्धवीर से करीब बीस मिनट तक अकेले वार्ता की। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों के बीच चंपावत चुनाव में मिली जीत के बाद बने राजनैतिक समीकरणों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही संगठन और सरकार में आपसी सामंजस्य बिठाए रखने पर भी चर्चा की गई। बीस मिनट तक बंद कमरे हुई अकेले मुलाकात के बाद संघ शिक्षा वर्ग के संचालन समिति के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए, जिसके बाद करीब दस मिनट तक संघ पदाधिकारियों और मुख्यमंत्री के बीच वार्ता हुई। बैठक से बाहर आने के बाद उन्होंने परिसर में मौजूद संघ के अन्य स्वयंसेवकों से भी बात की। दोपहर बारह बजे सीएम धामी विकासनगर विधायक मुन्ना चौहान के साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार के तेलपुर स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पारिवारिक समारोह में करीब पौने घंटे तक शिरकत की। दोपहर करीब एक बजे सीएम ने आशा राम वैदिक इंटर कॉलेज के प्रांगण में बने हैलीपेड से देहरादून के लिए उड़ान भरी। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष शांति जुंवाठा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर, जिला महामंत्री अरुण मित्तल, नगर पालिका सभासद राजकुमार रोहिला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *