लंबित मांगों को लेकर उद्यान कर्मियों में सरकार के खिलाफ आक्रोश
विकासनगर। उत्तराखंड फील्ड राज्य कर्मचारी संघ उद्यान एवं फल प्रसंस्करण विभाग की जिला इकाई की बैठक में कर्मचारी संघ ने अपनी लंबित मांगों को पूरा करने की सरकार से मांग की। कहा कि पिछले कई वर्षों से अपनी मांगों को पूरा करने की मांग करते आ रहे हैं। लेकिन राज्य सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर नहीं है। इससे कर्मचारियों में राज्य सरकार के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कर्मचारी संघ ने मांगों का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की हे। रविवार को उद्यान सचल दल केंद्र सहसपुर में उत्तराखंड फील्ड कर्मचारी संघ उद्यान एवं फल संस्करण विभाग की जिला इंकाई की बैठक आयोजित की गयी। जिसमें कर्मचारी संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा की। कर्मचारियों ने राज्य सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारी संघ कई वर्षों से अपनी मांगों को पूरा करने की मांग कर रहा है। लेकिन सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। जिससे उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। कर्मचारी संघ ने कहा कि उद्यान सहायक के पद को तकनीकि पद घोषित करने , समयबद्ध पदोन्नति करने, उपनल कर्मियों को संविदा कर्मी में समायोजित करने की मांग की जा रही है। लेकिन अब तक उनकी मांगों की अनदेखी होती रही है। इससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कहा कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र निस्तारण नहीं किया जाता है तो आंदोलन करना पड़ेगा। बैठक में जिलाध्यक्ष मंगलसेन, कर्म सिंह, प्रमोद सिंह राठौर, नरेश चौहान, विजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, अब्दुल कादिर, नीरज कुमार, मनीष कुमार, अनुज कुमार, विमल, पंकज, रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
