लोनिवि मंत्री से की बगूर गांव को सड़क से जोड़ने की मांग
विकासनगर। तहसील क्षेत्र अंतर्गत बगूर गांव के ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के मंत्री सतपाल महाराज को ज्ञापन प्रेषित कर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बगूर गांव के नजदीक से ही डिरनाड़ और पुरटाड़ गांव की सड़कें गुजरती हैं, लेकिन इन दोनों ही सड़कों से बगूर को वंचित रखा गया है। सड़क सुविधा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के जीवन में कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विधानसभा चुनाव से पहले सड़क निर्माण की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया था, लेकिन तब प्रशासन ने ग्रामीणों को जल्द गांव तक सड़क पहुंचाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक सड़क निर्माण को लेकर कोई कार्यवाही नहीं की गई है। ग्रामीणों ने मंत्री से गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने की मांग की है। ज्ञापन भेजने वालों में पान सिंह राणा, सरदार सिंह, संतराम, बामो देवी आदि शामिल रहे।
