पछुवादून में अघोषित बिजली कटौती  रही जारी

विकासनगर। पछुवादून में नगरीय क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों में लगातार बिजली की अघोषित कटौती जारी है। बुधवार तड़के विकासनगर, हरबर्टपुर, सहसपुर, डाकपत्थर में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में डेढ़ घंटे और सेलाकुई में चार घंटे बिजली गुल रही। वहीं, सेलाकुई में लाइन में फॉल्ट आने से दोपहर में दो घंटे बिजली की आपूर्ति बंद रही। अघोषित कटौती के चलते लोग पानी के लिए भी तरसते रहे। बुधवार को पछुवादून क्षेत्र में सुबह के समय बिजली की अघोषित कटौती जारी होने से लोगों में आक्रोश है। विकासनगर, हरबर्टपुर, डाकपत्थर, सहसपुर के नगरीय क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह सात बजे से लेकर साढ़े आठ बजे तक बिजली की आपूर्ति बंद रही। वहीं सेलाकुई में सुबह छह बजे से लेकर आठ बजे तक बिजली की अघोषित कटौती रही। यही नहीं, सेलाकुई में 33 केवी लाइन में फॉल्ट के नाम पर ढाई बजे से लेकर साढ़े चार बजे तक बिजली की आपूर्ति पूरी तरह से नगर से लेकर गांवों तक बंद रही। लोगों का कहना है कि सेलाकुई में सुबह आठ बजे से लेकर देर रात तक प्रत्येक घंटे में पंद्रह मिनट से बीस मिनट तक बिजली की आंख मिचौनी का खेल चलता रहा। क्षेत्र में सुबह के समय हुई बिजली कटौती के चलते पानी की आपूर्ति नहीं हो पायी। सुबह के समय पानी न मिलने से लोग परेशान रहे। लगातार हो रही बिजली कटौती के चलते लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वहीं, ऊर्जा निगम विकासनगर के अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार का कहना है कि पावर ग्रिड से बिजली की कटौती की जा रही है। कटौती का समय भी वहीं से निर्धारित किया जाता है। उधर सेलाकुई के अवर अभियंता अतोल रावत का कहना है कि दोपहर के समय 33 केवी लाइन में फॉल्ट आ गया। जिसके चलते आपूर्ति बंद रही। जिसे ठीक कर सुचारु कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *