कल होगी राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग, देश भर में वोटिंग की तैयारियां पूरी

 

नई दिल्ली ,

कल का दिन भारत के लिए बहुत अहम है, क्योंकि कल देश के 15वें राष्ट्रपति के लिए वोटिंग होगी। इस तरफ जहाँ भाजपा द्रौपदी मुर्मूकी जीत के प्रति आश्वस्त है, वहीं कांग्रेस समेत अधिकतर विपक्षी पार्टियां यशवंत सिन्हा को इस पद पर बिठाने को जोर आजमाइश में लगी है। वोटिंग से पहले द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि 10 करोड़ आदिवासी हैं, वे सभी उन्हें राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाए जाने से खुश हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाए जाने के बाद आदिवासियों और महिलाओं में काफी उत्साह है. वहीं, विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने कहा कि कल राष्ट्रपति चुनाव से पहले वोट डालने जा रहे सभी सदस्यों से मेरी अपील है कि वह अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनें और मुझे वोट दें।

संसद और तमाम राज्यों की विधानसभाओं में करीब 4,800 सांसद और विधायक अपने मतदान का प्रयोग कर नये राष्ट्रपति का चुनाव करेंगे। ये मतदान कल सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। वोटों की गिनती 21 जुलाई को होगी जिसके बाद 25 जुलाई को देश के नए राष्ट्रपति शपथ ग्रहण करेंगे। वहीँ, चुनाव आयोग के मुताबिक इस बार एक सांसद के वोट का मूल्य 700 है। अलग-अलग राज्यों में हर विधायक के वोट का मूल्य अलग-अलग होता है। उदाहरण के लिए उत्तर प्रदेश में प्रत्येक विधायक के वोट का मूल्य 208 है, इसके बाद झारखंड और तमिलनाडु में 176 है। वहीं सिक्किम में प्रति विधायक वोट का मूल्य 7 है, जबकि नगालैंड में यह 9 और मिजोरम में 8 है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *