संवरने की चाहत संग आत्मनिर्भर बनने की राह भी हो रही सबल
भोपाल। सुंदर कौन नहीं दिखना चाहता। फैशन और ग्लैमर के दौर में हर कोई चाहता है कि वह शादी-पार्टी या अन्य किसी भी आयोजन में कुछ हटकर दिखे। हर किसी की निगाहें बस उसके ऊपर ही टिकी रहें। यही कारण है कि ब्यूटी पार्लर में सजने-संवरने का चलन बढ़ा है, यही चाह युवतियों को सेल्फ ब्यूटीशियन भी बना रही हैं।
बैरागढ़ में रोटरी फाउंडेशन के सहयोग से युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने का अनूठा अभियान चलाया जा रहा है। ओल्ड डेयरी फार्म स्थित श्री मां आनंदयमी आश्रम परिसर में विशेष शिविर लगाकर युवतियों को कंप्यूटर, सिलाई-कढ़ाई एवं सेल्फ ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में सेवाएं दे रही सोशल एक्टिविस्ट कीर्ति वाधवानी बताती हैं कि युवतियों का रुझान स्वयं सुंदर दिखने के साथ सेल्फ ब्यूटीशियन बनने में है। युवतियां चाहती हैं कि वे यह कला सीखकर आत्मनिर्भर बनें, समय आने पर वे स्वयं भी अपना श्रंगार कर सकें।
कीर्ति के मुताबिक इस अभियान के तहत अब तक करीब एक हजार युवतियां आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। इस शिविर में बैरागढ़ के अलावा बैरागढ़ कला, राजेंद्र नगर एवं आसपास के इलाकों की युवतियां पहुंच रही हैं। युवतियां ब्राइडल मेकअप, पार्टी मेकअप, स्किन ट्रीटमेंट, हेयर स्टाइल, फेस मसाज, हेयर कलर, आइ-ब्रो बनाने जैसी कलाओं में पारंगत हो रही हैं। कीर्ति के अनुसार आत्मनिर्भर बनने की इच्छुक युवतियां सिलाई का प्रशिक्षण भी ले रही हैं। न्यू बोर्न ड्रेस, हैंडवर्क एवं वूमन ड्रेसेस बनाकर युवतियां अपनी कला को निखार रही हैं। रोटरी फाउंडेशन स्किल डेपलपमेंट सेंटर के माध्यम से इनकी मदद कर रहा है।
