उमस भरी गर्मी से मिली राहत
रुड़की। कई दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को शनिवार को राहत मिली। बारिश झमामझ तो नहीं हुई, लेकिन हल्की बारिश के साथ दिन भर घने बादल छाने और हवा चलने से मौसम सुहावना हो गया। एक ही दिन में तापमान सात डिग्री तक गिर गया। मानसून आने की घोषणा के अगले दिन रुड़की में तीस जून को झमाझम बारिश हुई थी। जुलाई में अब तक बीच-बीच में बूंदा-बांदी ही हुई। उससे उमस और बढ़ गयी। लोग उमस और गर्मी से बेहद परेशान थे। लगातार बढ़ते तापमान और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहा था। शनिवार को सुबह से घने बादल छाए रहे। इसके साथ ही हवा भी चलने से लोगों को राहत मिली। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बारिश शुरू हुई। करीब दस मिनट ही बारिश हुई। लेकिन काले घने बादल छाए रहे और हवा चलती रही। इससे उमस में कमी आयी। बीच-बीच में बूंदाबांदी होती रही। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग झमामझ बारिश का इंतजार कर रहे हैं। आईआईटी रुड़की स्थित कृषि मौसम वेधशाला के अनुसार शनिवार को रुड़की में अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा। 0.2 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.5 और न्यूनतम 26.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।
