पहाड़ों पर बारिश से उफनाई गंगा, प्रशासन मुस्तैद

 

रुड़की। पहाड़ों पर हुई भारी बारिश के कारण शुक्रवार रात से गंगा का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया। खतरे की आशंका को देख प्रशासन जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव की तैयारी में जुट गया है। गंगा के आसपास बसे गांवों में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। बाढ़ चौकियों में तैनात कर्मचारियों को भी 24 घंटे चौकी पर मौजूद रहने की हिदायत दी गई है। हरिद्वार में भले ही अभी एक बार भी अच्छी बरसात नहीं हुई है, लेकिन पहाड़ में लगातार बारिश हो रही है। इसी बारिश के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर में रात से बढ़ोतरी हो रही है। जिला फ्लड कंट्रोल रूम से जलस्तर में बढ़ोतरी होने की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन ने रात में ही लक्सर, हरिद्वार, रुड़की और भगवानपुर तहसील को एलर्ट करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही तहसील प्रशासन के साथ ही लक्सर और खानपुर की पुलिस ने भी गंगा व सोलानी नदी के आसपास के गांवों में घूमकर लोगों को जलस्तर बढ़ने की जानकारी देकर अपना सारा जरूरी सामान सुरक्षित जगह पर रखने की अपील की। साथ ही ग्रामीणों को गंगा या सोलानी नदी से सटे खेतों में न जाने की भी हिदायत दी गई है। एसडीएम लक्सर गोपालराम बिनवाल ने बताया कि गंगा का जलस्तर अभी चेतावनी के निशान से भी नीचे है। फिर भी राहत, बचाव कार्यों की तैयारी की गई है। बताया कि लक्सर में माड़ाबेला, गोवर्धनपुर, बालावाली व भिक्कमपुर की चारों बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में 24 घंटे की ड्यूटी लगा दी गई है। हर दो घंटे बाद उनसे स्थिति की रिपोर्ट ली जा रही है। बताया कि जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को दूसरी जगह ले जाने के लिए राहत शिविर भी चिन्हित कर लिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *