हजार रुपये से कम किराए वाले कमरों पर 12 प्रतिशत जीएसटी का विरोध

 

हरिद्वार। होटल एसोसिएशन ने एक हजार रुपये से नीचे के कमरों पर 12 प्रतिशत जीएसटी लगाने का विरोध किया है। साथ ही उन्होंने कांवड़ मेले में शिवमूर्ति के बजाय ललतारो पुल से जीरो जोन व्यवस्था शुरू करने की मांग की है। शनिवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसोसिएशन संस्थापक उमा शंकर पांडे, अध्यक्ष कुलदीप शर्मा ने कहा कि सरकार ने एक हजार रुपये से कम किराए वाले कमरों पर 12 प्रतिशत जीएसटी लगाने का प्रावधान रखा है। जो गलत है। कोरोना संक्रमण के बाद से होटल कारोबारियों की हालत पहले ही खराब है। अब भारी भरकम टैक्स लगाकर उनके कारोबार पर दोहरी मार की जा रही है। कांवड़ मेला में जिला प्रशासन की ओर से शिवमुर्ति से जीरो जोन की व्यवस्था लागू की गई है। इससे श्रवण नगर और निरंजनी अखाड़ा क्षेत्र के करीब 450 होटल, धर्मशाला और आश्रम जीरो जोन क्षेत्र में आ गए हैं। इसका सीधा असर इन कारोबारियों पर पड़ेगा। उन्होंने शिवमूर्ति के बजाय ललतारो पुल से जीरो जोन व्यवस्था लागू करने की मांग की है। इस अवसर पर अंशु जैन, विभाष मिश्रा, अखिलेश चौहान, दीपक शर्मा, अंकुर कुमार, अमित, अभय गर्ग आदि कारोबारी मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *