जलभराव की समस्या से निपटने को निगम ने कसी कमर

 

ऋषिकेश। मानसून सीजन को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 18 सदस्यीय नाला गैंग का गठन भी किया गया है। निगम का दावा है कि इस बार बरसात में जलभराव की समस्या नहीं होने दी जाएगी।

मानसून से पहले नगर निगम प्रशासन सड़कों पर जलभराव और घरों में बारिश का पानी घुसने की समस्या को दूर करने की तैयारी में जुट गया है। बारिश के पानी की निकासी के लिए शहर में 31 नाले हैं। इनमें 12 बड़े नाले परशुराम चौक, एम्स वीरभद्र मार्ग, प्रगति विहार, गंगानगर, चंद्रेश्वरनगर, मायाकुंड, संयुक्त यात्रा बस अड्डा मार्ग आदि स्थानों पर हैं। सफाई निरीक्षक अभिषेक मल्होत्रा ने बताया कि 31 नालों में से 26 नालों की सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रगति विहार, एम्स रोड, गंगानगर, शिवाजीनगर, इंदिरानगर-टीएचडीसी मार्ग पर छोटे-बड़े नालों को बरसात से पहले साफ कर लिया जाएगा। नालों में निकासी बनी रहे इसके लिए 18 सदस्यीय नाला गैंग का भी गठन किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *