दिनेशपुर और गदरपुर में चलाया गया प्लास्टिक के खिलाफ अभियान
रुद्रपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ छापामार अभियान चलाया गया। एडीओ पंचायत राजपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में गठित टीम ने ग्राम पंचायत जाफरपुर, आनंद खेड़ा, विजयनगर एवं बुक्सौरा में प्लास्टिक के खिलाफ छापामार अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने किराना, होटल, सब्जी, फड़ एवं ठेलों पर सामान बेच रहे करीब 40 दुकानदारों के पास से प्रतिबंधित प्लास्टिक के गिलास और पॉलीथिन को जब्त कर 5200 रुपये जुर्माना वसूला। अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक या थर्माकोल से निर्मित उत्पादों की बिक्री होते पाई गई तो उनसे दोगुना जुर्माना वसूल किया जाएगा। टीम में कनिष्ठ अभियंता शेखर ओझा, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पार्वती, आनंदखेड़ा ग्राम प्रधान चौधरी इंद्रपाल सिंह, केशव कुमार, सर्वेश कुमार, विकास, दलबीर आदि शामिल रहे।
