सात माह से वेतन न मिलने से भूखमरी की कगार पर संविदाकर्मी
हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनपद में कार्यरत सैकड़ों सीएचओ संवर्ग के कर्मचारियों को सात माह से वेतन नहीं मिला है। 15 वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के बाद वेतन जारी होना था।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संगठन ने मंगलवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को ज्ञापन सौंपा है। संगठन का कहना है कि पिछले सात माह से संविदा कर्मचारियों को वेतन न मिलने के कारण घर में खाने के लाले पड़ गए हैं। परिवार के लालन-पालन को लोगों से उधार पैसा लेना पड़ रहा है।
कर्मचारी संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ.रमिंदर सिंह कालरा ने कहा कि बीते माह 17 मई को सचिवालय में बैठक के दौरान भी वेतन न मिलने को बैठक कर चुके हैं। बावजूद इसके कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। जनपद में सीएचओ का वेतन वर्तमान समय तक निलंबित है। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत हरिद्वार में नियुक्त प्रशासक का कार्यकाल भी बीते माह पूरा हो चुका है। जिस कारण सीएचओ के वेतन एवं प्रोत्साहन भत्ते का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
