श्रीनगर एनआईटी के अस्थाई कैंपस निर्माण की धीमी गति पर नाराजगी
श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड श्रीनगर के बीओजी चेयरमैन डा. आरके त्यागी ने संस्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के अस्थायी कैंपस श्रीनगर के निर्माण कार्यों का जायजा लिया व सुमाड़ी में बनने वाले स्थायी कैंपस की एनआईटी निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी के साथ कार्य प्रगति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अस्थायी कैंपस के निर्माण कार्य की गति बहुत धीमी होने पर नाराजगी जताई। बीओजी चेयरमैन ने अस्थायी कैंपस निर्माण की कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर शैक्षिक कार्यक्रम के अनुसार छात्रों के संस्थान में आगमन को ध्यान में रखते हुए अस्थायी कैंपस निर्माण कार्य को अतिशीघ्र पूरा करने को कहा। डा. त्यागी ने कार्यदायी संस्था के साथ सुमाड़ी के कैंपस के निर्माण के लिए संस्थान की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को सुमाड़ी के काम को अतिशीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। डा. त्यागी ने सुमाड़ी में बनने वाले स्थाई कैंपस के ड्राइंग्स एवं मास्टर प्लान का भी अवलोकन किया। कहा कि एनआईटी श्रीनगर का सुमाड़ी कैंपस जब बनकर तैयार होगा तो यह पुरे देश का सबसे सुन्दर कैंपस होगा। इसके बाद उन्होंने संस्थान के निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी, कुलसचिव डा. प्रभाकर मणि काला सहित विभागाध्यक्षों, डीन एवं संकाय सदस्यों के साथ बैठक की। बैठक में डा. त्यागी ने विभागाध्यक्षों व संकाय सदस्यों को अपने जीवन में उच्च मापदंडों को अपनाते हुए एक आदर्श स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। जिससे कि वे भी किसी छात्र का रोल मॉडल बन सकें। डा. त्यागी ने कोरोना काल के कठिन समय में भी संस्थान में सुचारु रूप से भागीदारी को लेकर सभी संकाय सदस्यों की सराहना की। और 2021 में संस्थान आरएफ इंडिया रैंकिंग में 186 वां स्थान हासिल करने के लिए सभी को बधाई दी। इससे पहले उन्होने एनआईटी परिसर में पौधारोपण किया। जिसके अंतर्गत इस वर्ष 500 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
