कांग्रेस को करना चाहिए आत्मचिंतन, देश पीएम मोदी के हाथों में पूरी तरह सुरक्षित – भाजपा

नई दिल्ली

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस को देश की राजनीति में औचित्य बनाए रखने के लिए आत्मचिंतन करना चाहिए, न कि देश के बारे में चिंतन करना चाहिए, क्योंकि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है। भाजपा की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है, जब कांग्रेस का राजस्थान में झीलों की नगरी कहे जाने वाले उदयपुर में तीन दिवसीय चिंतन शिविर शुरू हुआ। इस शिविर का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देश में डर के माहौल और ध्रुवीकरण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि उनके न्यूनतम सरकार अधिकतम शासन’ का मतलब कुछ और नहीं बल्कि अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित करना एवं असल मुद्दों से ध्यान भटकाना है।
कांग्रेस और सोनिया गांधी पर पलटवार करते हुए भाजपा के मीडिया विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी अनिल बलूनी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को अपनी ऊर्जा अपनी पार्टी के भविष्य को संवारने में लगानी चाहिए। उन्होंने कहा देश के बारे में ‘चिंतन’ करने की जगह कांग्रेस को अपने को फिर से खड़ा करने के बारे में ‘आत्मचिंतन’ करना चाहिए क्योंकि वह न सिर्फ वह आम जन से दूर हो चुकी है, बल्कि सच्चाई यानी जमीनी हकीकत से भी दूर है। भाजपा नेता ने कहा कि जहां तक देश का सवाल है तो वह प्रधानमंत्री मोदी के हाथों में सुरक्षित है। बलूनी ने कहा कि देश की जनता को प्रधानमंत्री के नेतृत्व पर पूरा भरोसा है, जिनके अधीन भारत ने नयी ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने कहा लोगों ने खुलकर भाजपा का समर्थन किया है और चुनाव दर चुनाव उसे अपना समर्थन दिया है जबकि कांग्रेस हताश है और एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका कैसे निभाई जाती है, उसके बारे में वह दिशाहीन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *