परिवहन विभाग को मिली कुमाऊं से 15 और रोडवेज से 25 बसें

ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के लिए कुमाऊं क्षेत्र से 15 और रोडवेज से 25 बसें परिवहन विभाग को मिली हैं। हालांकि विभाग ने 75 बसों की डिमांड की थी। एआरटीओ के मुताबिक शेष बसें जल्द उपलब्ध हो जाएगी। बीते सोमवार को संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति और अन्य परिवहन कंपनियों की बसों की कमी होने से चारधाम यात्रा प्रभावित हुई। यात्री बस नहीं मिलने से मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, राजस्थान आदि प्रांतों के तीर्थयात्रियों को मजबूरी में धर्मशाला में शरण लेनी पड़ी। बसों की कमी का संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग ने कुमाऊं रीजन से 25 बसें और परिवहन निगम से 50 बसों की डिमांड की थी। राहत की बात यह कि परिवहन विभाग को मंगलवार को अतिरिक्त बसें उपलब्ध हो गई हैं। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मोहित कोठारी ने बताया कि कुमाऊं रीजन से 15 बसें उपलब्ध हुई हैं, इनके फिटनेस आदि की जांच के बाद ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। बुधवार से बसें यात्रा पर रवाना होंगी। परिवहन निगम ने 25 बसें उपलब्ध करायी है, जिनका चारधाम के लिए संचालन स्थानीय रोडवेज डिपो करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *