तहसील दिवस से जनता का हो रहा मोहभंग

ऋषिकेश। जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के लिए प्रदेश सरकार की व्यवस्था तहसील दिवस से जनता का मोहभंग हो रहा है। मंगलवार को तहसील दिवस में जनसुनवाई के लिए पहुंचे विभिन्न विभागों के 20 अधिकारी फरियादियों का इंतजार करते नजर आए। बामुश्किल चार लोगों ने अपनी समस्या शिविर में दर्ज करायी। इनमें से दो का निस्तारण मौके पर ही किया गया। जबकि दो मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर दिया गया। मंगलवार को ऋषिकेश तहसील सभागार में तहसीलदार डॉ. अमृता शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में ऊर्जा निगम, जलसंस्थान, लोनिवि, राष्ट्रीय राजमार्ग, पूर्ति, स्वास्थ्य, रेशम, शिक्षा, वन आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित हुए। सुबह 10.30 बजे तहसील दिवस शुरू हुआ। दोपहर 12 बजे तक एक भी फरियादी समस्या लेकर नहीं पहुंचा। दोपहर 12.30 बजे के बाद चार लोग समस्याएं लेकर पहुंचे। इनमें एक जाति प्रमाण पत्र, एक घर के पते का सत्यापन, एक सड़क निर्माण और एक स्वामित्व से जुड़ा मामला रहा। दोपहर 2 बजे तक कुल 4 मामले आए। नायब नाजिर बाबर खान ने बताया कि मौके पर दो मामलों का निस्तारण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *