अध्यक्ष पद पर एबीवीपी और एनएसयूआई में होगी टक्कर

ऋषिकेश। श्रीदेव सुमन विवि के ऋषिकेश कैंपस में छात्रसंघ चुनाव के लिए अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर 10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। जबकि 11 दावेदारों ने चुनाव मैदान छोड़ दिया है। अब अध्यक्ष पद पर एबीवीपी और एनएसयूआई के बीच सीधी टक्कर होगी। मतदान 24 दिसंबर को होगा। मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के नामांकन पत्र दाखिल करने की सभी तैयारियां चाकचौबंद रहीं। पर्चा भरने वाले प्रत्याशी और उसके साथ दो प्रस्तावकों को ही नामांकन स्थल तक जाने की इजाजत दी गई। कॉलेज के मेनगेट और नामांकन स्थल के गेट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे नामांकन पत्र दाखिल किए गए। छात्र संघ चुनाव अधिकारी प्रो. प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि अध्यक्ष पद पर ऋतिक पाठक और साक्षी तिवारी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जबकि उपाध्यक्ष पद पर केशव पोरवाल, सचिव पर अमन पांडेय, सहसचिव पर आशीष, पीयूष गुप्ता, सुष्मिता जोशी, कोषाध्यक्ष पद पर सिमरन अरोड़ा और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए अभय वर्मा और आकाश उनियाल ने पर्चा दाखिल किया है। बताया कि 21 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे थे, जबकि दाखिल 10 ने ही किए हैं। ऋतिक पाठक एबीवीपी और साक्षी तिवारी एनएसयूआई से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *