दून इंटरनेशनल स्कूल में 14,15,16 मई को निशुल्क दिव्यांग एवं चिकित्सा शिविर
देहरादून। प्रथम श्वास फाउंडेशन, श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सेवादल, स्पार्क मिंडा फाउंडेशन व दून इंटरनेशनल स्कूल द्वारा संयुक्त रुप से तीन दिनी निशुल्क दिव्यांग व चिकित्सा शिविर का आयोजन 14, 15 व 16 मई को दून इंटरनेशनल स्कूल डालनवाला में लगाया जाएगा।
प्रेस क्लब में हुई प्रेसवार्ता में शिविर संयोजक डा. अनामिका जिंदल, संजय गर्ग ने बताया कि वर्ष 2019 में भी इस तरह का शिविर हिन्दू नेशनल इंटर कालेज में लगाया गया था। कोरोना काल के बाद दो साल बाद दुबारा इस शिविर को लगाया जा रहा है। शिविर में दिल्ली, नोएडा के जाने माने चिकित्सक दून आकर दिव्यांगों का परीक्षण कर उन्हें मौके पर ही कृत्रिम अंग, कैलीपर आदि बनाकर लगाएंगे। विशेष रुप से पहली बार दून में स्वचलित हाथ लगाए जाएंगे। जिससे लाभार्थी दैनिक छोटे मोटे कार्य स्वयं कर सकेंगे। ऐसे कृत्रिम अंगों की कीमत लाखों में है। जिन्हें निशुल्क दिया जाएगा। जरुरतमंदों को वैशाखी, वॉकर, छड़ी, व्हीलचेयर निशुल्क वितरित की जाएगी। बाहर से आने वाले दिव्यांगों के रहने, खाने की व्यवस्था रहेगी। शिविर में कोई भी अपना परीक्षण करवा सकता है। पहले दिन 14 मई को नई दिल्ली से राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट के विशेषज्ञ निशुल्क कैंसर जांच करेंगे। आंखों के मोतियाबिंद की भी जांच होगी। दिव्यांगों को कौशल विकास की जानकारी, यूडीआई पंजीकरण, रोजगार आदि के बारे में भी बताया जाएगा। उपचार, परामर्श के लिए मोबाइल नम्बर 9358428060, 9412973492, 7055201525 पर निशुल्क पंजीकरण करवाना होगा। मौके पर प्रदीप गर्ग, शशीकांत सिंघल, नवीन गुप्ता, मंजू हरनोल, डा.मुकुल शर्मा, विक्की गोयल, पुनीत मेहरा, ललित आहूजा मौजूद रहे।
