शोभायात्रा पर पथराव में दो और गिरफ्तार
रुड़की। शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर डाडा जलालपुर गांव में शोभायात्रा निकाली गई थी। इस दौरान कुछ लोगों ने शोभायात्रा पर पथराव कर दिया, जिसके बाद हुए बवाल में करीब 10 लोग घायल हो गए। पथराव के साथ-साथ आगजनी भी की गई थी। पुलिस ने रविवार को 12 नामजद लोगों और 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। रविवार को ही पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था।
सोमवार को भी पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि फरमान और फरीद को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसको कोर्ट में पेश कर दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। अज्ञात सभी आरोपियों को चिन्हित करने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गांव पुलिस की निगरानी में है। लगातार गांव पर नजर रखी जा रही है।
