आंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने पर हंगामा

रुड़की। खानपुर थाने के हस्तमौली गांव में एक समुदाय के लोगों ने आबादी से सटी जमीन पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर रखी है। बीती रात किसी ने प्रतिमा का एक हाथ क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह गांव के लोग वहां से गुजरे तो उन्हें इसकी जानकारी मिली। इसके बाद गांव के काफी लोग वहां इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे। जानकारी मिलने पर भीम आर्मी के महासचिव जितेंद्र कुमार कई कार्यकर्ताओं के साथ हस्तमौली पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसी बीच खानपुर एसओ संजीव थपलियाल भी पुलिस बल लेकर वहां आ चुके थे। एसओ ने ग्रामीणों व भीम आर्मी के लोगों से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों का कहना था कि किसी शरारती तत्व ने धार्मिक भावनाएं भड़काने के इरादे से जान बूझकर प्रतिमा को खंडित किया है। ऐसे व्यक्ति का जेल जाना बहुत जरुरी है। एसओ ने आश्वासन दिया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर प्रतिमा खंडित करने वाले का पता लगाएगी और उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई भी करेगी। इस आश्वासन पर लोग शांत हो गए। बाद में ग्रामीणों की बैठक में वहां से क्षतिग्रस्त प्रतिमा हटाकर वहां नई प्रतिमा लगवाने की बात तय हुई। भीम आर्मी के महासचिव जितेंद्र कुमार ने बताया कि गांव के जिम्मेदार लोग नई प्रतिमा लेने चले गए हैं। प्रतिमा आने पर रीति रिवाज के साथ उसी जगह पर नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *